कोलोराडो-उताह सीमा पर जंगल की आग बुझाने के दौरान तीन दमकलकर्मियों की मौत, दो घायल

कोलोराडो-उताह सीमा पर जंगल की आग बुझाने के दौरान तीन दमकलकर्मियों की मौत, दो घायल

कोलोराडो-उताह सीमा पर जंगल की आग बुझाने के दौरान तीन दमकलकर्मियों की मौत, दो घायल
Modified Date: June 28, 2026 / 04:53 pm IST
Published Date: June 28, 2026 4:53 pm IST

बीवर (अमेरिका), 28 जून (एपी) अमेरिका के कोलोराडो-उताह सीमा क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान तीन दमकलकर्मियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। अमेरिकी वनभूमि दमकल सेवा ने रविवार को यह जानकारी दी।

ये दमकलकर्मी शनिवार को नोल्स और गोर जंगलों में लगी आग बुझाने के लिए विभिन्न एजेंसियों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा थे।

अमेरिकी वनभूमि दमकल सेवा ने फेसबुक पर एक बयान में कहा, ‘‘अमेरिकी वनभूमि दमकल सेवा दुख की इस घड़ी में यूएसडीए फॉरेस्ट सर्विस के साथ एकजुट है और जानगंवाने वाले दमकलकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती है। उनकी बहादुरी, समर्पण और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा।’’

पश्चिमी अमेरिका में लगातार गर्म, शुष्क और तेज हवाओं वाले मौसम के कारण जंगल की आग तेजी से फैल रही है। उताह, एरिजोना और अन्य राज्यों में आग की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

सबसे बड़ी आग ‘कॉटनवुड फायर’ है, जो दक्षिण-पश्चिमी उताह के दुर्गम पहाड़ी इलाके में फैली हुई है। शनिवार को इसका दायरा बढ़कर 144 वर्ग मील (करीब 373 वर्ग किलोमीटर) से अधिक हो गया। आग की लपटें घाटियों और पहाड़ी ढलानों को पार करते हुए एक स्की रिसॉर्ट तक पहुंच गईं हैं।

बीवर काउंटी प्रशासन ने शनिवार से अग्निशमन दलों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है, फिलहाल क्षति का आधिकारिक अनुमान जारी नहीं किया गया है।

उताह के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने सोशल मीडिया पर लिखा कि स्थिति बेहद गंभीर है, लेकिन उन्होंने अग्निशमन दलों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कई स्थानों पर ‘‘चमत्कारिक ढंग से आग को रोकने और संपत्तियों को बचाने’’ में सफलता हासिल की।

अग्निशमन अभियान से जुड़ी प्रवक्ता एलिसा मेसन ने बताया कि खड़ी चट्टानों और तीखी ढलानों के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे इलाकों में भारी मशीनें पहुंचाना कठिन है। दमकल वाहन भी आसानी से नहीं पहुंच पाते। इससे आग बुझाना असंभव नहीं होता, लेकिन अभियान की गति निश्चित रूप से धीमी पड़ जाती है।’’

इस बीच, सैकड़ों अतिरिक्त दमकलकर्मी उताह पहुंच रहे हैं ताकि नई और तेजी से फैल रही आग पर काबू पाया जा सके। मौसम विभाग ने अत्यंत कम आर्द्रता, ऊंचे तापमान और तेज हवाओं को ‘अत्यधिक खतरनाक अग्नि मौसम’ की स्थिति बताया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष उताह में रिकॉर्ड स्तर पर कम बर्फबारी और अब तक की सबसे गर्म सर्दियों के कारण जंगलों में आग का खतरा और बढ़ गया है। ‘नेशनल इंटरएजेंसी फायर सेंटर’ के अनुसार पश्चिमी अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में भी ऐसी ही परिस्थितियां बनी हुई हैं।

अलास्का से लेकर फ्लोरिडा तक शनिवार को अग्निशमन दल जंगल में दर्जनों जगह पर लगी आग पर काबू पाने में जुटे रहे, जिनमें लगभग 36 बड़ी और अनियंत्रित आग शामिल हैं।

इस वर्ष की शुरुआत से अब तक अमेरिका में करीब 30 लाख एकड़ भूमि आग की चपेट में आ चुकी है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत से अधिक है।

एपी शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में