ओडेसा में रूसी हमले में तीन की मौत, यूक्रेन ने तेल ठिकानों को निशाना बनाया

Ads

ओडेसा में रूसी हमले में तीन की मौत, यूक्रेन ने तेल ठिकानों को निशाना बनाया

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 05:00 PM IST

कीव, छह अप्रैल (एपी) रूस के एक ड्रोन हमले में यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा में दो महिलाओं और एक छोटे बच्चे की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस बीच, यूक्रेन ने लंबी दूरी के ड्रोन से काला सागर स्थित रूसी बंदरगाह को निशाना बनाया, जो तेल निर्यात की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

अधिकारियों ने बताया कि रात के समय हुए इस हमले में ओडेसा की एक इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें दो महिलाओं और दो साल के एक बच्चे की जान चली गई।

राहतकर्मियों ने ‘फ्लडलाइट’ की रोशनी में मलबे से चार लोगों को बाहर निकाला।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि 11 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें एक गर्भवती महिला और दो बच्चे शामिल हैं, जिनमें सबसे छोटा एक साल से भी कम उम्र का है।

रूस ने पड़ोसी यूक्रेन पर लगभग चार साल पहले किए गए आक्रमण के बाद से लगातार नागरिक इलाकों पर हमले किए हैं, जिनमें संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 15,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

जेलेंस्की के अनुसार, रूस ने यूक्रेन के पावर ग्रिड को भी निशाना बनाया है और रात भर हुए हमलों में चेर्निहीव, सुमी, खारकीव और द्नीप्रो क्षेत्रों की ऊर्जा संरचना को भी नुकसान पहुंचा है।

क्षेत्रीय बिजली कंपनी के अनुसार, हमलों में बिजली वितरण सुविधाएं क्षतिग्रस्त होने के बाद उत्तरी चेर्निहीव क्षेत्र में तीन लाख से अधिक घरों में बिजली नहीं थी।

जेलेंस्की के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर 2,800 से अधिक ड्रोन हमले किये हैं, जबकि लगभग 1,350 शक्तिशाली ग्लाइड बम और विभिन्न प्रकार की 40 से अधिक मिसाइलें दागी हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने सप्ताहांत में ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए एक साक्षात्कार में चिंता जताई कि ईरान के साथ युद्ध के कारण उन हथियारों के भंडार कम हो रहे हैं, जिनकी यूक्रेन को अपनी रक्षा के लिए आवश्यकता है, खासकर अमेरिका निर्मित पैट्रियट वायुरक्षा प्रणाली की। इस प्रणाली से मिसाइलों को रोका जाता है।

जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन के सहयोगियों को ‘‘हवाई रक्षा मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए।

अमेरिका के नेतृत्व में शांति प्रयासों के ठप होने के बीच, जेलेंस्की ने यह भी कहा, ‘‘रूस का अपने आक्रमण को रोकने का कोई इरादा नहीं है।’’

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायुरक्षा प्रणालियों ने रातभर में यूक्रेन के 50 ड्रोन मार गिराए।

क्रास्नोदार के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रातयेव ने बताया कि रूस के काला सागर के प्रमुख बंदरगाहों में से एक नोवोरोस्सिस्क पर यूक्रेनी ड्रोन हमलों में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इस हमले में छह इमारतों और दो निजी घरों को नुकसान पहुंचा।

मीडिया की अपुष्ट खबरों के अनुसार, ड्रोन का निशाना काला सागर बंदरगाह पर स्थित शेस्खारिस तेल टर्मिनल था।

पिछले हफ्ते, यूक्रेन के ड्रोन ने रूस के उत्तर-पश्चिम में फिनलैंड की खाड़ी में स्थित तेल प्रतिष्ठानों पर भी हमला किया था।

एपी सुरेश अविनाश

अविनाश