वाशिंगटन, 11 अगस्त (भाषा) व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ सलाहकार ने मंगलवार को कहा कि भारत द्वारा रूसी तेल खरीद पर अमेरिकी शुल्क की धमकी से उत्पन्न मुद्दे को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आपस में सुलझा लेंगे।
व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो की यह टिप्पणी अमेरिकी सीनेट द्वारा एक विधेयक पारित किए जाने के कुछ दिनों बाद आई है। इस विधेयक में अमेरिकी राष्ट्रपति को रूसी तेल के शीर्ष पांच खरीददारों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने का अधिकार दिया गया है। इसमें यह दलील दी गई है कि ऐसा व्यापार सीधे तौर पर यूक्रेन युद्ध को वित्तपोषित करता है।
नवारो ने कहा कि 2022 में यूक्रेन युद्ध छिड़ने से पहले भारत रूस के साथ तेल व्यापार में शामिल नहीं था, लेकिन बाद में शामिल हो गया।
नवारो ने कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप और आपके प्रधानमंत्री के बीच बहुत अच्छे कामकाजी संबंध हैं। वे इस मुद्दे का समाधान आपस में निकाल लेंगे और मेरे लिए उनके बीच आने की कोई बात नहीं है।’
भाषा सुमित अमित
अमित