ठाणे, 11 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने सोलापुर जिले के एक भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण केंद्र (कोचिंग सेंटर) के मालिक को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान पश्चिमी महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी प्रकाश पवार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसके पास से टीईटी परीक्षा से जुड़े आधा दर्जन पेपर सेट बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पवार पिछले लगभग एक दशक से ‘ध्रुव प्रतिष्ठान’ नाम से एक प्रशिक्षण केंद्र चला रहा था, जहां वह सरकारी नौकरियों और शिक्षण पदों की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को कोचिंग देता था।
भिवंडी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘प्रश्नपत्र लीक करने में संलिप्त नेटवर्क की जारी जांच के दौरान पवार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से परीक्षा से जुड़े 26 प्रश्नपत्र सेट बरामद हुए। इनमें से अधिकांश दस्तावेज भर्ती मॉक टेस्ट से संबंधित हैं, लेकिन कम से कम छह पेपर सेट सीधे टीईटी परीक्षाओं से जुड़े हैं।’
उन्होंने बताया कि जून के अंत में सामने आए इस गिरोह के पीछे काम करने वाले व्यापक तंत्र का पर्दाफाश करने और विस्तृत पूछताछ के लिए एक स्थानीय अदालत ने पवार को 15 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
भाषा सुमित अमित
अमित