ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरूद्ध कर रहीं छोटी ईरानी नावों को नष्ट करने का आदेश दिया

Ads

ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरूद्ध कर रहीं छोटी ईरानी नावों को नष्ट करने का आदेश दिया

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 08:44 PM IST

दुबई, 23 अप्रैल (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुबह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अमेरिकी सेना को होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने वाली छोटी ईरानी नावों को ‘नष्ट करने’ का आदेश दिया।

ट्रंप का यह पोस्ट अमेरिकी सेना द्वारा ईरानी तेल की तस्करी से जुड़े एक और टैंकर को जब्त करने के तुरंत बाद आया, जिससे उस जलडमरूमध्य को लेकर तेहरान के साथ गतिरोध और बढ़ गया है। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के व्यापार का 20 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने पोस्ट किया, ‘‘मैंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पानी में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली किसी भी नाव, चाहे वह छोटी ही क्यों न हो, को गोलीबारी कर नष्ट कर दिया जाए।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘ किसी भी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, हमारे बारूदी सुरंग हटाने वाले यंत्र इस समय जलडमरूमध्य को साफ कर रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आदेश देता हूं कि यह कार्य जारी रखा जाए, लेकिन तीन गुना अधिक रफ्तार से।’’

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से बारूदी सुरंगों को हटाने के प्रयास तेज कर रही है।

यह कदम ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स द्वारा जलडमरूमध्य में तीन मालवाहक जहाजों पर हमला करने और उनमें से दो को अपने कब्जे में लेने के एक दिन बाद उठाया गया है।

अमेरिकी रक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को हिंद महासागर में जब्त किए गए गिनी ध्वज वाले तेल टैंकर मैजेस्टिक एक्स के डेक पर अमेरिकी सेना की मौजूदगी का वीडियो फुटेज जारी किया।

पेंटागन के एक बयान में कहा गया है, ‘‘हम ईरान को भौतिक सहायता प्रदान करने वाले अवैध नेटवर्क को बाधित करने और उन्हें रोकने के लिए वैश्विक समुद्री प्रवर्तन जारी रखेंगे, चाहे वे कहीं भी संचालित हों।’’

इस घटना की खबर पर ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

एपी

राजकुमार पवनेश

पवनेश