दुबई, 26 मार्च (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा रोकी गई मिसाइलों का मलबा बृहस्पतिवार को अबू धाबी की एक सड़क पर गिरा, जिसकी चपेट में आने से एक भारतीय समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।
अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया कि इस घटना में मारा गया दूसरा व्यक्ति पाकिस्तानी नागरिक है जबकि तीन अन्य घायलों में भी एक भारतीय शामिल है।
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूएई की हवाई रक्षा प्रणाली ईरान से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों के खतरों का नियमित अंतराल पर जवाब दे रही है।
अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया, ‘‘हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने के बाद अबू धाबी अधिकारियों ने स्वेहान स्ट्रीट में मलबा गिरने की घटना पर प्रतिक्रिया दी है।’’
उसने बताया, ‘‘इस घटना में पाकिस्तान और भारत के दो लोगों की मौत हो गई और अमीरात, जॉर्डन और भारतीय राष्ट्रीयता के तीन व्यक्तियों को गंभीर से लेकर मध्यम दर्जे की चोटें आईं।’’
‘गल्फ न्यूज’ के मुताबिक, अबू धाबी में हुई ताजा घटना के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
संयुक्त अरब अमीरात की वायु रक्षा प्रणालियों ने 26 मार्च 2026 को ईरान से दागी गई 15 बैलिस्टिक मिसाइलों और 11 मानवरहित हवाई यान (यूएवी) को निष्क्रिय कर दिया। रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने बताया कि ईरान के हमलों की शुरुआत से अब तक यूएई की वायु रक्षा प्रणालियों ने 372 बैलिस्टिक मिसाइलें, 15 क्रूज मिसाइलें और 1,826 यूएवी को बीच हवा में मार गिराया है।
उसने बताया, ‘‘इन हमलों में राष्ट्रीय कर्तव्य निभाते हुए सशस्त्र बलों के दो जवान शहीद हो गए। इसके अलावा, सशस्त्र बलों के साथ कार्यरत मोरक्को के एक नागरिक की भी मृत्यु हुई। साथ ही पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, फलस्तीन और भारत के आठ नागरिकों की भी जान गई।’’
कुल 169 लोग घायल हुए, जिनमें कुछ को मामूली, कुछ को मध्यम और कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और देश की संप्रभुता, सुरक्षा व स्थिरता की रक्षा सुनिश्चित करते हुए तथा अपने राष्ट्रीय हितों और क्षमताओं की सुरक्षा करते हुए देश की सुरक्षा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का दृढ़तापूर्वक मुकाबला करेगा।
भाषा
गोला संतोष
संतोष