बीजिंग, 18 मई (एपी) दक्षिण चीन के ग्वांग्शी क्षेत्र में सोमवार तड़के 5.2 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, इमारतें गिर गईं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सरकारी मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी प्राप्त हुई।
खबर में बताया गया कि चार अन्य लोग घायल हो गए, जबकि लिउझोऊ शहर से 7,000 से अधिक निवासियों को निकाला गया।
अधिकारियों ने बताया कि लापता निवासियों की तलाश सोमवार दोपहर के आसपास समाप्त हो गई, जब फंसे हुए अंतिम व्यक्ति को जीवित और अच्छी हालत में पाया गया। उनकी उम्र 91 वर्ष है।
सरकारी प्रसारणकर्ता सीसीटीवी द्वारा प्रसारित तस्वीरों में मलबे को हटाते हुए खुदाई करने वाली मशीनें दिखाई दे रही थीं। सीसीटीवी के अनुसार, भूकंप से हुए भूस्खलन के कारण कम से कम 13 इमारतें ढह गईं और इलाके की सड़कें अवरुद्ध हो गईं।
लिउझोऊ के आसपास ट्रेन सेवाएं रद्द या विलंबित रहीं।
दक्षिण चीन में कभी-कभी भूकंप आते हैं, जिनमें से अधिक तीव्र भूकंप आमतौर पर पहाड़ी पश्चिमी या पूर्वी भाग, ताइवान की ओर आते हैं।
हाल में आया सबसे विनाशकारी भूकंप 7.9 तीव्रता का था, जो 2008 में दक्षिण-पश्चिम सिचुआन प्रांत में आया था, जिसमें 87,000 से अधिक लोग मारे गए या लापता हो गए थे।
एपी तान्या वैभव
वैभव