यूक्रेन ने मॉस्को पर 400 से अधिक ड्रोन दागे, प्रदर्शनों के बीच दबाव में जेलेंस्की
यूक्रेन ने मॉस्को पर 400 से अधिक ड्रोन दागे, प्रदर्शनों के बीच दबाव में जेलेंस्की
कीव, 20 जुलाई (एपी) यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर बड़े हमले में 400 से अधिक ड्रोन दागे। मॉस्को के मेयर ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह हमला रूस द्वारा कीव और यूक्रेन के अन्य शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइल से किए गए भीषण हमलों के बाद हुआ। दोनों देशों के बीच लगातार जारी जवाबी हमलों के कारण किसी भी समझौता-वार्ता की संभावना फिलहाल कमजोर नजर आ रही है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि वह सोमवार को ‘‘महत्वपूर्ण बैठक’’ करेंगे। पिछले सप्ताह सरकार में फेरबदल के बाद देश में पैदा हुए राजनीतिक संकट को कम करने की कोशिश के तहत यह बैठक हो रही है। इस फेरबदल ने युद्ध लड़ने की रणनीति को लेकर सैन्य नेतृत्व और अन्य धड़ों के बीच गहरे मतभेद उजागर कर दिए हैं।
जेलेंस्की के सामने यह भरोसा दिलाने की चुनौती है कि मिखाइलो फेदोरोव (35) को रक्षा मंत्री पद से हटाने और सोवियत प्रशिक्षित जनरल ओलेक्सांद्र सिर्स्की (60) पर सशस्त्र बलों के प्रमुख के रूप में भरोसा बनाए रखने से रूस के खिलाफ जारी युद्ध प्रभावित नहीं होगा।
उनके इस फैसले के बाद फेदोरोव के समर्थन और सिर्स्की के विरोध में कई दिन तक सड़कों पर प्रदर्शन हुए।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि रविवार देर रात से सोमवार तड़के तक यूक्रेन ने रूस की राजधानी की तरफ 400 से अधिक ड्रोन दागे। उन्होंने बताया कि इनमें से अधिकतर ड्रोन राजधानी से काफी दूर ही मार गिराए गए, जबकि मॉस्को के आसपास 85 ड्रोन को अवरुद्ध किया गया।
मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोन हमलों में 10 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई आवासीय इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसकी सेना ने रातभर दक्षिणी यूक्रेनी बंदरगाह शहर ओडेसा में ईंधन भंडारण टैंकों को निशाना बनाकर हमला किया।
यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने रातभर यूक्रेन पर दो मिसाइल और लंबी दूरी तक मार करने वाले 94 ड्रोन दागे।
एपी आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


