कीव, पांच फरवरी (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने खुलासा किया कि करीब चार साल से रूस के साथ जारी युद्ध में अबतक उनके 55 हजार सैनिक मारे गए हैं।
इस बीच, करीब चाल साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए रूस और यूक्रेन के वार्ताकारों ने अमेरिका की मध्यस्थता में बृहस्पतिवार को अबू धाबी में लगातार दूसरे दिन बातचीत की।
यह बातचीत ऐसे समय हुई जब रूस ने यूक्रेन के बिजली नेटवर्क को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है ताकि नागरिकों को बिजली से वंचित कर उनके मनोबल को तोड़ा जा सके। इस समय दोनों देशों के बीच यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में करीब 1,000 किलोमीटर (600 मील) लंबी अग्रिम पंक्ति पर लड़ाई जारी है।
जेलेंस्की ने बुधवार रात को एक फ्रांसीसी चैनल को दिये साक्षात्कार में कहा, ‘‘ करीब चार साल पहले रूस के आक्रमण के बाद से अबतक यूक्रेन के 55,000 सैनिक मारे गए हैं। बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिन्हें यूक्रेन लापता मानता है।’’
बैठक में मौजूद यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के प्रमुख रुस्तम उमेरोव ने बताया संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में हो रही वार्ता में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हुए।
विटकॉफ और कुशनर पिछले महीने भी अबू धाबी में हुई वार्ता में शामिल हुए थे। ट्रंप प्रशासन दोनों देशों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहा है। उस समय, जेलेंस्की ने पूर्वी यूक्रेन के डोनबास औद्योगिक क्षेत्र पर किसका नियंत्रण होगा, इस मुद्दे को ‘‘महत्वपूर्ण’’ बताया था।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बातचीत में हुई प्रगति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के एक प्रवक्ता ने पहचान गुप्त रखते हुए बताया कि संगठन के यूरोप में शीर्ष कमांडर जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच भी वार्ता में मौजूद थे।
ज़ेलेंस्की ने सहयोगी देशों से रूस पर दबाव डालने का आग्रह किया ताकि वह अपने उस व्यापक हमले को समाप्त कर दे, जो लगभग चार साल पहले 24 फरवरी 2022 को शुरू हुआ था। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश को युद्ध के बाद किसी भी रूसी हमले को रोकने के लिए सुरक्षा गारंटी की आवश्यकता है।
जेलेंस्की ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर कहा कि यूक्रेन के लोगों को यह महसूस होना चाहिए कि शांति की दिशा में वास्तविक प्रगति हो रही है और ‘‘ उन्हें ऐसा नहीं लगना चाहिए कि रूसी हर चीज का फायदा उठाएं और अपने हमले जारी रखें।’’
इस बीच, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क बृहस्पतिवार को आधिकारिक दौरे पर कीव पहुंचे।
यूक्रेन की राजधानी कीव के महापौर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात रूस द्वारा किये गए ड्रोन हमलों में दो लोग घायल हो गए।
यूक्रेन की वायु सेना के मुताबिक रूस ने गत रात 183 ड्रोन हमले किये और दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायुसेना ने आज़ोव सागर और क्रीमिया (जिसे रूस ने 2016 में अपने कब्जे में ले लिया था) के ऊपर हमला करने आए यूक्रेन के 95 ड्रोन मार गिराए।
एपी धीरज प्रशांत
प्रशांत