Kanchan Bai Meghwa / Image Source : x
भोपाल: मध्य प्रदेश के नीमच में सोमवार को मधुमक्खियों के झुंड ने आंगनवाड़ी केंद्र पर हमला कर दिया। आंगनवाड़ी में मौजूद 20 बच्चों को बचाने के लिए कंचन बाई ने खुद को मधुमक्खियों के हवाले कर दिया। शरीर में ज़हर भर जाने के कारण उन्होंने इलाज के दौरान अपना दम तोड़ दिया। इस मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर दुःख व्यक्त करते हुए परिवार की आर्थिक सहायता के लिए 4 लाख रुपये की घोषणा की है। उन्होंने कंचन बाई के बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की भी घोषणा की है। उन्होंने आगे लिखा कि प्रदेश सरकार इस दुःख की घड़ी में कंचन मेघवाल के परिवार के साथ है।
दरअसल, यह पूरी घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे जावद विकासखंड की ग्राम पंचायत मड़ावदा के ग्राम रानपुर में हुई। आंगनवाड़ी केंद्र के बाहर अचानक मधुमक्खियों का झुंड बच्चों पर टूट पड़ा। इस घटना से सभी में चीख-पुकार मच गई। बच्चों को बचाने के लिए कंचन बाई ने दरी और कंबल उठाकर बच्चों को ढक लिया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गई। बच्चों की जान तो बच गई, लेकिन मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया।
इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन पूरे शरीर में ज़हर भर जाने के कारण उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।( Anganwadi Bee Attack ) इस घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल प्लेटफॉर्म X पर दुःख व्यक्त करते हुए परिवार की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
नीमच जिले के ग्राम रानपुर में मधुमक्खियों के डंक से आंगनवाड़ी में कार्यरत बहन कंचन बाई मेघवाल जी का असमय निधन अत्यंत दुखद व हृदयविदारक है।
प्रदेश सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके परिवार के साथ है। इस घटना में मानवीय आधार पर मैंने कंचन बहन के परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) February 5, 2026