अमेरिका: सांसदों ने एआई कंपनी ‘हगिंग फेस’ में सेंध को लेकर ‘ओपनएआई’ से मांगी जानकारी
अमेरिका: सांसदों ने एआई कंपनी ‘हगिंग फेस’ में सेंध को लेकर ‘ओपनएआई’ से मांगी जानकारी
वॉशिंगटन, 11 सितंबर (एपी) अमेरिकी सांसदों ने नयी कृत्रिम मेधा (एआई) तकनीकों से पैदा होने वाले संभावित जोखिमों को लेकर बृहस्पतिवार को चिंता जताई और ‘ओपनएआई’ से इस पर जानकारी मांगी।
सांसदों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि एआई प्रौद्योगिकी इंसानों के नियंत्रण से कहीं बाहर न हो जाए।
रिपब्लिकन पार्टी से सांसद जोश हॉले ने बृहस्पतिवार को ओपनएआई के खिलाफ जांच शुरू की। यह जांच इस आरोप को लेकर है कि उसकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रणाली (एआई) ने अपने आप एक अन्य एआई कंपनी की प्रणाली में सेंध लगा दी।
दरअसल ओपनआई ने जुलाई में एआई स्टार्टअप ‘हगिंग फेस’ में सेंध लगने की जानकारी दी थी जिसके बाद सांसद हॉले ने ओपनएआई से इस बारे में और जानकारी मांगी है। वह आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकार क्षेत्र वाली सीनेट उपसमिति के प्रमुख हैं।
हॉले ने ओपनआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन को लिखे पत्र में कहा, ‘‘ अमेरिकी जनता को ‘हगिंग फेस’ की घटना और एआई मॉडलों के नियंत्रण से बाहर जाने वाली अन्य घटनाओं की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि इस जांच का उद्देश्य इन सवालों के जवाब हासिल करना है।
डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता क्रिस वैन हॉलेन ने भी ऑल्टमैन से संघीय साइबर सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल ऐसी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की, जिससे वे ओपनएआई के मॉडलों की सुरक्षा और उनसे जुड़े जोखिमों का आकलन कर सकें। वैन हॉलेन ने ‘हगिंग फेस’ पर हुए हमले का भी उल्लेख किया।
सांसदों की पूछताछ के जवाब में ओपनएआई के प्रवक्ता नेट इवांस ने कहा कि ‘हगिंग फेस’ की घटना एआई सुरक्षा के लिहाज से अहम है और इससे अधिक सक्षम होते जा रहे एआई से जुड़े संभावित जोखिमों की चेतावनी मिलती है।
उन्होंने ईमेल के जरिए दिए गए जवाब में कहा, ‘‘हमने घटना की विस्तृत जांच की, उसके बारे में रिपोर्ट प्रकाशित की और यह बताया कि हमने क्या सीखा तथा अपनी सुरक्षा और अलाइनमेंट प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए।’’
सांसदों की चिंता कंपनी ‘एंथ्रोपिक’ के एक शोधकर्ता द्वारा इस सप्ताह जताई गई आशंकाओं के बाद भी बढ़ी है। शोधकर्ता ने कहा था कि वह कंपनी से इस्तीफा दे रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि ‘एंथ्रोपिक’ और उसकी प्रतिस्पर्धी कंपनियां एआई के विकास में जिम्मेदाराना व्यवहार नहीं दिखा रहीं।
जैकब कॉक्सन ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उन्होंने ‘एंथ्रोपिक’ और ‘ओपनएआई’ दोनों में कुल तीन साल शोध किया और दोनों एआई कंपनियां सुरक्षा पर कम ध्यान दे रहीं हैं और एक-दूसरे से तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने की होड़ में लगी हैं।
एआई के भविष्य को लेकर यह बहस ऐसे समय हो रही है जब अमेरिकी संसद तकनीकी क्षेत्र को नियंत्रित करने में लंबे समय से हिचकिचाती रही है। दोनों दलों के सांसद व्यापक स्तर पर अधिक सुरक्षा उपायों की जरूरत से सहमत हैं, लेकिन नियमन के अल्प प्रयास भी पिछले कई वर्षों से नहीं किए गए हैं।
एपी शोभना सिम्मी
सिम्मी

Facebook


