संबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को अमेरिकी सांसदों, उद्यमियों ने बधाई दी
संबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को अमेरिकी सांसदों, उद्यमियों ने बधाई दी
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 11 जून (भाषा) अमेरिकी सांसदों, कारोबारी नेताओं और शिक्षाविदों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है।
अमेरिकी कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने तो मोदी के कार्यकाल की तुलना पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन से की, जिन्हें 1980 के दशक में अमेरिका में आशावाद और राष्ट्रपति पद के प्रति विश्वास बहाल करने का श्रेय दिया जाता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मोदी को अपना ‘‘मित्र’’ और एक ‘‘महान’’ प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि उनके सामने ‘‘महानता और सफलता के कई वर्ष अभी बाकी हैं।’’
दोनों प्रमुख दलों के सांसदों ने इस उपलब्धि पर मोदी को बधाई दी।
वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने वाले मोदी ने बुधवार को 4,399 दिनों का लगातार कार्यकाल पूरा कर भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद पीट सेशंस ने कहा कि उन्हें मोदी को जानने और उनके साथ काम करने का अवसर मिला है तथा वह भारत के भविष्य के लिए उनकी दूरदृष्टि की प्रशंसा करते हैं।
सीनेटर स्टीव डेन्स ने कहा कि उन्होंने स्वयं देखा है कि मोदी के नेतृत्व ने दोनों देशों के साझा मूल्यों पर जोर देते हुए भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
न्यूयॉर्क से डेमोक्रेट सांसद और कांग्रेसनल कॉकस ऑन इंडिया के उपाध्यक्ष टॉम सुओज्जी ने कहा कि वह भारत और अमेरिका के संबंधों को और मजबूत होते देखने के इच्छुक हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सत्य नडेला ने कहा कि मोदी का ‘‘नेतृत्व और भारत की प्रगति के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है।’’
सीनेटर टेड क्रूज, रिक स्कॉट और रोजर विकर ने कहा कि यह उपलब्धि मोदी की राजनीतिक सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
रिक स्कॉट ने कहा, ‘‘अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाया है कि वह अमेरिका और हमारे साझा सहयोगी इजराइल के साथ मजबूत सुरक्षा साझेदारी के प्रति प्रतिबद्ध हैं। आने वाले वर्षों में हम इस सफलता और सहयोग को और आगे बढ़ाने की आशा करते हैं।’’
वरिष्ठ विद्वान वॉल्टर रसेल मीड ने कहा कि वैश्विक स्तर पर लोकतंत्र के लिए चुनौतीपूर्ण समय में भारत जैसे विविध और जटिल समाज का नेतृत्व करने की मोदी की क्षमता दुनिया भर के नेताओं के लिए एक उदाहरण है।
आईबीएम के चेयरमैन और सीईओ अरविंद कृष्ण ने कहा कि मोदी के कार्यकाल में अभूतपूर्व आर्थिक विकास हुआ है, जिससे भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को गति मिली और उद्यमियों तथा व्यवसायों के लिए फलने-फूलने का अनुकूल वातावरण बना।
अमेरिकी सांसद गार्बारिनो, लालोटा और बॉमगार्टनर सहित कई नेताओं ने भी मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने भारत के एक वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरने, करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और विश्व शांति के लिए भारत-अमेरिका साझेदारी के महत्व की सराहना की।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


