चीन में तूफान ‘बावी’ के तट से टकराने के बाद भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी, 60 उड़ानें रद्द

Ads

चीन में तूफान ‘बावी’ के तट से टकराने के बाद भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी, 60 उड़ानें रद्द

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 12:06 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 12:06 PM IST

(के. जे. एम. वर्मा)

बीजिंग, 12 जुलाई (भाषा) चीन के पूर्वी हिस्से में तूफान ‘बावी’ के तट से टकराने के बाद तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने के बीच कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रतिकूल मौसम के मद्देनजर करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

पूर्वी चीन में कई उड़ानें और नौका सेवाएं रद्द कर दी गई हैं, जबकि झेजियांग प्रांत ने आपातकालीन तैयारियां तेज कर दी हैं।

‘चाइना सदर्न एयरलाइंस’ और ‘स्प्रिंग एयरलाइंस’ ने शंघाई से आने-जाने वाली करीब 60 उड़ानें रद्द कर दी हैं।

तूफान ‘बावी’ के पूर्वी तट की ओर बढ़ने के बीच राजधानी बीजिंग समेत चीन के कई शहरों ने शनिवार को आपातकालीन कार्रवाई तेज कर दी गई। स्थानीय प्राधिकारियों ने भारी बारिश के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

झेजियांग प्रांत के मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि इस वर्ष आए नौवें तूफान ‘बावी’ ने शनिवार रात 11 बजकर 20 मिनट पर पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट पर दस्तक दी।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, तूफान के केंद्र के पास हवा की अधिकतम रफ्तार 40 मीटर प्रति सेकंड थी और यह युहुआन शहर के तट से टकराया।

खबर के अनुसार, इससे पहले शनिवार को चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश को लेकर अपनी चार स्तरीय चेतावनी प्रणाली में सबसे उच्च स्तर का ‘रेड’ अलर्ट जारी किया था।

इसके साथ ही तूफान के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया था।

राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार दोपहर दो बजे तक 24 घंटे के दौरान झेजियांग, उत्तरी फुजियान, उत्तर-पूर्वी जियांगशी और दक्षिणी अनहुई समेत देश के बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। बीजिंग और हेबेई के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन