(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 19 जून (भाषा) अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने ईरानी वार्ताकारों के साथ बातचीत के लिए प्रस्तावित अपनी स्विट्जरलैंड यात्रा स्थगित कर दी है। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने यह जानकारी दी।
यह वार्ता अमेरिका और ईरान के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में होनी थी।
हालांकि, वेंस ने बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड के ल्यूसर्न जाने को लेकर अनिश्चितता जताई थी। वहीं, ईरानी वार्ताकारों ने कहा था कि वार्ता की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
‘व्हाइट हाउस’ के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘जैसा कि उपराष्ट्रपति ने अपने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि आगामी तकनीकी वार्ता की योजना को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पहला संभव अवसर मिलते ही रवाना होने के लिए तैयार है।’’
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘लेकिन इस बातचीत की प्रक्रिया कभी भी आसान या पहले से तय नहीं रही है। फिलहाल, उपराष्ट्रपति आज रात रवाना नहीं हो रहे। अगले कदमों के बारे में कोई ठोस जानकारी मिलते ही हम आपको सूचित करेंगे।’’
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके ईरानी समकक्ष मसूद पेजेश्कियन ने पश्चिम एशिया में महीनों से जारी युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता तत्काल प्रभाव से लागू हो गया और युद्धविराम की अवधि बढ़ा दी गई। इसके तहत दोनों पक्षों को 14-सूत्री समझौता ज्ञापन में उल्लिखित मुद्दों के तकनीकी विवरण पर बातचीत के लिए 60 दिन का समय दिया गया है।
वेंस ने बृहस्पतिवार को ‘व्हाइट हाउस’ में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान के साथ हुए शांति समझौते के पहले चरण में ‘‘अपने हिस्से के दायित्वों को लागू करने’’ के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि समझौता ज्ञापन में निर्धारित 60 दिन की अवधि बृहस्पतिवार से शुरू हो गई।
भाषा
सिम्मी खारी
खारी