पश्चिमी अधिकारियों ने यूक्रेन के अस्पताल पर हमले को युद्ध अपराध बताया

Ads

पश्चिमी अधिकारियों ने यूक्रेन के अस्पताल पर हमले को युद्ध अपराध बताया

  •  
  • Publish Date - March 10, 2022 / 08:23 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:51 PM IST

मारियुपोल (यूक्रेन), 10 मार्च (एपी) यूक्रेन में मारियुपोल के एक प्रसूति अस्पताल पर एक रूसी हवाई हमले में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना को यूक्रेन और पश्चिमी अधिकारियों ने एक युद्ध अपराध बताया है।

इस बीच संघर्ष विराम पर पहुंचने के लिए वार्ता विफल रहने के कारण आपातकालीन कर्मचारियों ने शहरों में भोजन और चिकित्सा आपूर्ति पहुंचाने और निवासियों को बाहर निकालने के प्रयासों को फिर से शुरू कर दिया है।

यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि महत्वपूर्ण दक्षिणी बंदरगाह मारियुपोल में बुधवार को हुए हमले में मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है। इस घटना में 17 लोग घायल हो गए।

देश में लाखों लोग विस्थापित हुए हैं। कीव की मेयर विटाली क्लिट्सको ने बृहस्पतिवार को कहा कि लगभग 20 लाख लोग शहर छोड़ चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां तक कि जिन लोगों ने कभी भी सेना में आने का नहीं सोचा था, अब वे वर्दी में हैं, उनके हाथों में मशीनगन हैं।’’

मेयर ने कहा कि बुधवार को कीव के पश्चिम में एक शहर में दो अस्पतालों पर बम गिराये गये।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि उसने दो सप्ताह पहले रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद से चिकित्सा केन्द्रों पर 18 हमलों की पुष्टि की है।

मारियुपोल के मेयर वादिम बॉयचेंको ने कहा कि हर कोई मारियुपोल के लोगों की मदद के लिए काम कर रहा है।

मारियुपोल में रूसी सेना की ओर से पिछले नौ दिनों से किए जा रहे हमलों में मारे गए लोगों को दफनाने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा सामूहिक कब्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर आक्रमण और एक प्रसूति अस्पताल सहित नागरिकों पर बमबारी को लेकर रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय युद्ध अपराध जांच की मांग की।

उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से जांच होनी चाहिए और हम सभी को इसे देखना चाहिए।”

रूस के विदेश मंत्री ने नागरिकों पर रूसी सैन्य हमलों के बारे में चिंताओं को खारिज कर दिया।

पिछले महीने युद्ध शुरू होने के बाद रूस-यूक्रेन के बीच उच्च स्तर की वार्ता में सर्गेई लावरोव ने बृहस्पतिवार को तुर्की में अपने यूक्रेनी समकक्ष से मुलाकात की।

मारियुपोल में एक प्रसूति अस्पताल पर बुधवार के हमले में रूसी सरकार की पहली सार्वजनिक टिप्पणी में, लावरोव ने न तो हमले की जिम्मेदारी ली और न ही इससे इनकार किया।

एपी

देवेंद्र नरेश

नरेश