विश्व रेडियो दिवस: आकाशवाणी की ‘थीम ट्यून’ बनाने वाले यहूदी संगीतकार कॉफमैन को किया गया याद

Ads

विश्व रेडियो दिवस: आकाशवाणी की ‘थीम ट्यून’ बनाने वाले यहूदी संगीतकार कॉफमैन को किया गया याद

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 08:40 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 08:40 PM IST

(हरिदंर मिश्रा)

यरूशलम, 13 फरवरी (भाषा) इजराइल में भारतीय मिशन ने शुक्रवार को यहूदी संगीतकार वाल्टर कॉफमैन को भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने आकाशवाणी की ‘सिग्नेचर ट्यून’ बनाई थी और मुंबई में इसके निदेशक के रूप में सेवा दी थी।

विश्व रेडियो दिवस 13 फरवरी को मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र रेडियो की 1946 में स्थापना की स्मृति में यूनेस्को ने 2011 में इस दिवस की घोषणा की थी।

भारतीय मिशन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘विश्व रेडियो दिवस 2026 के अवसर पर, हम यहूदी संगीतकार वाल्टर कॉफमैन की विरासत को गर्व से याद कर रहे हैं, जिन्होंने आकाशवाणी की ‘सिग्नेचर ट्यून’ बनाई थी और 1937 में मुंबई में इसके निदेशक के रूप में सेवा दी।’’

पोस्ट के अनुसार, ‘‘कई पीढ़ियों से भारतीयों द्वारा सराहे गए इस सदाबहार संगीत ने भारत और यहूदी जगत के बीच एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक सेतु का काम किया है, जो यह दर्शाता है कि रेडियो में विभिन्न देशों के बीच दिलों को जोड़ने की कितनी अटूट शक्ति है।’’

कॉफमैन, 1934 में यहूदियों के नरसंहार के दौरान यूरोप से भागकर मुंबई आ गए थे तथा कनाडा और अमेरिका जाने से पहले उन्होंने भारतीय, चीनी और तिब्बती संगीत पर शोध किया, जहां उन्होंने ‘कंडक्टर’ और शिक्षक के रूप में काम किया।

कॉफमैन ने मुंबई में पियानो शिक्षक के रूप में काम किया और बंबई (मुंबई) चैंबर म्यूज़िक सोसाइटी की स्थापना भी की, जहां वह हर बृहस्पतिवार को प्रस्तुति देते थे।

बाद में वह आकाशवाणी में, यूरोपीय प्रसारण निदेशक बने और उन्होंने इसकी ‘थीम ट्यून’ तैयार की, जिसका उपयोग आज भी सार्वजनिक प्रसारणकर्ता द्वारा किया जाता है।

भाषा सुभाष धीरज

धीरज