अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों योग प्रेमी मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर एकत्रित हुए

Ads

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों योग प्रेमी मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर एकत्रित हुए

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 09:46 PM IST

न्यूयार्क, 21 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को हजारों योग प्रेमी और साधक प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर पर एकत्र हुए और दिनभर योग सत्र में भाग लिया।

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने टाइम्स स्क्वायर एलायंस के सहयोग से टाइम्स स्क्वायर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के योग गुरु, पद्मश्री डॉ. एच. आर. नागेंद्र भी शामिल हुए। वह विश्व स्तर पर सम्मानित योगाचार्य और ध्यान विशेषज्ञ हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों को योग को केवल एक प्राचीन परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक जीवन के लिए एक व्यावहारिक और परिवर्तनकारी अनुशासन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

गुरु नागेंद्र ने अपने संबोधन में स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली सुनिश्चित करने में योग और ध्यान की शाश्वत प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

योग दिवस समारोह में विभिन्न देशों के करीब 10,000 योग प्रेमियों ने भाग लिया।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक बयान में कहा कि टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित दिनभर के इस समारोह में सात योग सत्र हुए, जो ‘‘न्यूयॉर्क शहर और पूरे अमेरिका में योग के प्रति व्यापक उत्साह’’ को दर्शाते हैं।

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्यदूत बिनय प्रधान ने अमेरिका में योग की बढ़ती लोकप्रियता की सराहना की और कहा कि योग अमेरिकी नागरिकों तथा भारतीय-अमेरिकी समुदाय के दैनिक जीवन का हिस्सा बनता जा रहा है।

इस वर्ष 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘‘बढ़ती उम्र में रोग से रहे निरोग’’ विषय के साथ मनाया गया, जिसमें दीर्घायु और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में योग के महत्व को रेखांकित किया गया।

भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी योग सत्र में हिस्सा लिया।

मुख्य कार्यक्रम से पहले वाणिज्य दूतावास ने अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, डेलावेयर, कनेक्टिकट, पेंसिल्वेनिया और ओहायो में योग सत्र और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए।

वाणिज्य दूतावास के अनुसार, महीने भर की इन गतिविधियों में स्थानीय समुदायों और योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे योग के प्रति जागरूकता और सहभागिता को और बढ़ावा मिला।

भाषा

राखी नरेश

नरेश