45 वर्षीय भाजपा को मिलने जा रहा 45 वर्षीय राष्ट्रीय अध्यक्ष, शपथ ग्रहण का पटना में होगा सीधा प्रसारण

Ads

45 वर्षीय भाजपा को मिलने जा रहा 45 वर्षीय राष्ट्रीय अध्यक्ष, शपथ ग्रहण का पटना में होगा सीधा प्रसारण

  •  
  • Publish Date - January 20, 2026 / 11:00 AM IST,
    Updated On - January 20, 2026 / 11:00 AM IST

पटना, 20 जनवरी (भाषा) बिहार के युवा नेता नितिन नवीन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे। भाजपा की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी और उसी वर्ष नितिन नवीन का जन्म हुआ था, जिसके कारण उन्हें ‘45 साल पुरानी पार्टी का 45 साल का अध्यक्ष’ कहा जा रहा है।

बिहार के सपूत नितिन नवीन के इस ऐतिहासिक पद पर पहुंचने पर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। राजधानी पटना में उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता जश्न मनाने की तैयारी में जुटे हैं। पटना के तीन प्रमुख स्थानों—मौर्य लोक, न्यू मार्केट और थ्री टेलर रोड—पर बड़े डिजिटल बोर्ड लगाए गए हैं, जहां दिल्ली में होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।

भाजपा प्रवक्ता और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए बेहद खुशी की बात है कि बिहार से एक युवा नेता पार्टी की कमान संभाल रहा है।”

उन्होंने कहा, “कार्यकर्ता इस मौके पर जश्न मनाना चाहते हैं और नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा के नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की दुआ कर रहे हैं। पूरे पटना और बिहार में छोटे-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।”

नितिन नवीन बिहार में पांच बार विधायक रह चुके हैं और राज्य सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। भाजपा युवा मोर्चा से निकले नितिन नवीन की संगठन स्तर पर मजबूत पकड़ मानी जाती है।

दिसंबर 2025 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, जिसे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की ओर उनका पहला औपचारिक कदम माना गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनके नेतृत्व में संगठन को युवा ऊर्जा और नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

भाषा कैलाश

मनीषा

मनीषा