पटना, 14 अप्रैल (भाषा) बिहार के निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद राज्य के लोगों का आभार जताया और नयी सरकार को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
कुमार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखे संदेश में कहा, ‘‘आप जानते हैं कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में पहली बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, ‘अपर कास्ट’ हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।’’
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पांच वर्षों यानी 2025 से 2030 के लिए सात निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।’’
नीतीश ने कहा, ‘‘हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब नयी सरकार यहां का काम देखेगी। नयी सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।’’
राज्य की जनता संबोधित संदेश में उन्होंने कहा, ‘‘सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं तथा शुभकामनाएं देता हूं।’’
भाषा कैलाश खारी
खारी