बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा की
बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा की
पटना, 13 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा की।
यह उपचुनाव नवीन के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने के कारण कराया जा रहा है।
अपने गृह नगर के दौरे पर आए नितिन नवीन ने पटना स्थित अपने आवास पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जिसमे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, संगठन महामंत्री भिखुभाई दलसानिया, अन्य पदाधिकारी तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा की प्रदेश इकाई की ओर से जारी बयान के अनुसार, नितिन नवीन ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को जीत दिलाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
नीरज कुमार सिन्हा ने सोमवार को नामांकन की समयसीमा समाप्त होने से कुछ मिनट पहले अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नितिन नवीन ने 2006 में तत्कालीन पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था। यह उपचुनाव उनके पिता एवं तत्कालीन विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद हुआ था।
इसके बाद नवीन ने लगातार पांच बार इस सीट से जीत दर्ज की। हालांकि, इस साल अप्रैल में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के कुछ माह बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
इस प्रतिष्ठित उपचुनाव में भाजपा का मुख्य मुकाबला जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से माना जा रहा है।
अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता शामिल हैं, जो पिछले विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन से लगभग 50 हजार मतों के अंतर से पराजित हुई थीं।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को कराई जाएगी।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


