छात्रा की आत्महत्या मामले में संज्ञान लेगा शिक्षा विभाग: बिहार शिक्षा मंत्री

Ads

छात्रा की आत्महत्या मामले में संज्ञान लेगा शिक्षा विभाग: बिहार शिक्षा मंत्री

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 10:31 PM IST

पटना, 19 फरवरी (भाषा) बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि शिक्षा विभाग पटना के मसौढ़ी इलाके में कक्षा 10 की एक छात्रा द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने के मामले का संज्ञान लेगा। छात्रा को परीक्षा केंद्र पर 10 मिनट देरी से पहुंचने के कारण कथित तौर पर प्रवेश नहीं दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार की है।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार विधान परिषद के बाहर प्रदर्शन के दौरान छात्रा को प्रवेश करने से रोकने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विधानसभा परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा, “यहां से अपने कार्यालय पहुंचते ही मैं इस मामले का निश्चित रूप से संज्ञान लूंगा।”

जब उनसे पूछा गया कि मामूली देरी के मामलों में क्या शिक्षा विभाग नरमी बरतेगा, तो उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हित में जो भी उपयुक्त कार्रवाई आवश्यक होगी, वह करेगी।

इससे पहले दिन में राबड़ी देवी ने कहा, “कानून-व्यवस्था की स्थिति दयनीय है। जब एक बेटी थोड़ी देर से परीक्षा केंद्र पहुंची तो उसे परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद उसने ट्रेन से कूदकर आत्महत्या कर ली।”

विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने कहा कि छात्रा को परीक्षा देने की अनुमति दी जानी चाहिए थी।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के विधान परिषद सदस्य शशि यादव ने भी प्रश्नकाल के दौरान सदन में इस घटना का मुद्दा उठाया।

भाषा कैलाश खारी

खारी