बिहार : नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले पर जद(यू) विधायकों ने जताई निराशा

Ads

बिहार : नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले पर जद(यू) विधायकों ने जताई निराशा

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 10:27 PM IST

पटना, छह मार्च (भाषा) जनता दल (यूनाइटेड) के विधायकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर शुक्रवार को उनसे मुलाकात कर अपनी पीड़ा जाहिर की।

जद(यू) के विधायकों ने हालांकि उनके बेटे निशांत कुमार के जल्द राजनीति में आने की संभावना पर खुशी भी व्यक्त की।

पार्टी के विधानमंडल और संसद के दोनों सदनों के सदस्य अचानक लिए गए नीतीश के इस फैसले से चकित थे। जद(यू) के इन नेताओं को शाम को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाई गई बैठक में उनसे बातचीत का अवसर मिला।

राज्य के संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री ने विधायकों को आश्वस्त किया है कि यह फैसला उन्होंने अपनी इच्छा से लिया है और किसी प्रकार के दबाव में नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

निशांत कुमार के राजनीति में आने के सवाल पर चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके राजनीतिक प्रवेश को हरी झंडी दे दी है और वह एक-दो दिन में पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में उनकी भूमिका और संभावित पद के बारे में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को उस समय राजनीतिक हलचल मचा दी थी जब उन्होंने सोशल मीडिया पर घोषणा करने के कुछ ही मिनट बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में जद(यू) की ओर से लड़ी जा रही दो राज्यसभा सीटों में से एक के लिए नामांकन दाखिल कर दिया।

जद(यू) के विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा कहते रहे हैं कि उन्हें सत्ता का लोभ नहीं है और उनका यह फैसला उनके आलोचकों को भी जवाब देता है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

राज्य के वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे उनके फैसले से दुखी हैं, लेकिन सम्मान के साथ उनके हर निर्णय में उनके साथ रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि निशांत कुमार के राजनीति में आने से पार्टी में नयी ऊर्जा आएगी।

जद(यू) के विधान परिषद सदस्य और प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नाराज नहीं बल्कि भावुक हैं और उन्होंने अपनी भावनाएं बैठक में मुख्यमंत्री के सामने रखी हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं हूं न।”

इस बीच, दिन में जद(यू) के कार्यालय के बाहर कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टरों पर कालिख पोत दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश के तहत उनके नेता को पद छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

निशांत कुमार के राजनीति में आने पर जद(यू) के नेताओं ने कहा कि पार्टी जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा करेगी। उनका कहना है कि निशांत राज्य का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद करना चाहते हैं।

भाषा

कैलाश रवि कांत