पटना, 12 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर जिले में 1,047 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 शहरी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी मिली।
यह घोषणा जिले में चौधरी के दौरे के दौरान की गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, चौधरी ने राज्य सरकार के शहरी विकास और आवास विभाग के तहत मुजफ्फरपुर में 1,047 करोड़ रुपये की 982 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
बयान में कहा गया है कि इन परियोजनाओं में से 375 करोड़ रुपये की लागत वाली 669 परियोजनाएं ‘मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना’ के तहत शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि 233 करोड़ रुपये की लागत वाली बरसाती जल के निकासी की तीन परियोजनाओं और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आने वाली परियोजनाओं सहित अन्य पहलों की भी शुरुआत की गई।
चौधरी ने 213 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ‘सिकंदरपुर लेक फ्रंट’ का उद्घाटन किया और कहा कि फव्वारों, लाइटिंग और कलात्मक सजावट वाली इस परियोजना ने मुजफ्फरपुर को ‘एक नई पहचान’ दी है।
बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी परिसर में आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग के लिए एक विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रौद्योगिकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में एक बेहतरीन केंद्र के तौर पर उभरेगा।
चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर हवाई अड्डा का काम जल्द ही शुरू होगा और प्रस्तावित पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल कॉरिडोर से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 40 मिनट रह जाएगा।
उन्होंने कहा कि हल्दिया-रक्सौल राजमार्ग बनने से मुजफ्फरपुर की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी और कोलकाता तक यात्रा का समय घटकर लगभग छह घंटे रह जाने से व्यापार में आसानी होगी।
चौधरी ने सीतामढ़ी में सीता मंदिर के निर्माण कार्य के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया।
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश