पटना, चार मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरविंद शर्मा को सोमवार को बिहार विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। यह उपचुनाव पूर्व राज्य मंत्री मंगल पांडेय के इस्तीफे के कारण आवश्यक हुआ था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र वापस लेने की समय-सीमा अपराह्न तीन बजे समाप्त होने के बाद चुनाव ऑफिसर छोटे लाल पासवान ने शर्मा को निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा।
चूंकि इस सीट के लिए कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं था, इसलिए शर्मा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने पिछले वर्ष नवंबर में विधानसभा चुनाव में सिवान सीट से जीत हासिल करने के बाद विधान परिषद से अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
शर्मा वर्तमान में पटना स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के प्रभारी हैं। उन्हें दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जब वे पार्टी के बिहार इकाई के अध्यक्ष थे।
भाषा कैलाश संतोष
संतोष