इंडियन बैंक ने करीब 500 करोड़ रुपये के एमएसएमई ऋण की मंजूरी दी

Ads

इंडियन बैंक ने करीब 500 करोड़ रुपये के एमएसएमई ऋण की मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 07:30 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक ने यहां आयोजित छोटे उद्यमों को कर्ज उपलब्ध कराने के कार्यक्रम में करीब 500 करोड़ रुपये के एमएसएमई ऋण स्वीकृत किए।

इंडियन बैंक ने बयान में कहा कि 120वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के तहत बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बिनोद कुमार ने बुधवार को 128 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे।

बैंक ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप एमएसएमई क्षेत्र के विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

बैंक देशभर में 120वें स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत वृहद ऋण मेले, कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल, डिजिटल बैंकिंग कार्यक्रम और ग्राहक संपर्क अभियान आयोजित कर रहा है। इस अवसर पर लगभग 1,250 करोड़ रुपये के ऋण प्रस्ताव जुटाए गए हैं, जो भविष्य में कारोबार बढ़ाने की मजबूत संभावनाओं को बताते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बैंक ने एकीकृत एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) पोर्टल भी पेश किया। यह डिजिटल मंच एमएसएमई ग्राहकों को सहज और एकीकृत बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विकसित किया गया है तथा प्रौद्योगिकी आधारित सेवा वितरण पर बैंक के ध्यान को मजबूत करेगा।

कुमार ने कहा, ‘‘इंडियन बैंक के 120 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हम ग्राहक-केंद्रित और प्रौद्योगिकी आधारित बैंकिंग के माध्यम से समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। वर्ष 2032 तक 35 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करने के लक्ष्य के साथ हम वित्तीय समावेश को मजबूत करेंगे, एमएसएमई और उद्योगों को सशक्त बनाएंगे तथा निर्बाध डिजिटल बैंकिंग समाधान उपलब्ध कराएंगे, जो भारत की विकास यात्रा को गति देंगे।’’

बैंक का कुल कारोबार (कुल जमा और कुल ऋण) 30 जून, 2026 को 14 प्रतिशत बढ़कर 15,29,201 करोड़ रुपये रहा।

इंडियन बैंक की स्थापना पांच मार्च, 1907 को 20 लाख रुपये की अधिकृत पूंजी के साथ हुई थी और बैंक ने 15 अगस्त, 1907 से अपना कारोबार शुरू किया था।

भाषा

रमण अजय

अजय