पटना, 18 अगस्त (भाषा) बिहार में नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा में कथित देरी को लेकर सोमवार को पटना में प्रदर्शन किया और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों के प्रदर्शन से राज्य की राजधानी के कुछ हिस्सों में वाहनों की आवाजाही बाधित हुई।
पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक दीक्षा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पटना के डाक बंगला चौराहे पर उस समय अराजकता फैल गई जब प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया।
पटना से एक प्रदर्शनकारी अमित कुमार ने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-5) से पहले राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) आयोजित की जाए। परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, एसटीईटी वर्ष में दो बार आयोजित होनी थी, लेकिन पात्रता परीक्षा का पहला चरण अभी तक आयोजित नहीं किया गया है। इससे बी.एड. करने वाले छात्र प्रभावित हो रहे हैं।’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीआरई-5 से पहले एसटीईटी परीक्षा कराने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी डाक बंगला चौराहे के पास एकत्र हुए और यातायात बाधित किया।
उन्होंने बताया, ‘‘प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों के बार-बार अनुरोध के बावजूद उन्होंने सड़कें खाली करने से इनकार कर दिया। डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया।’’
भाषा प्रीति प्रशांत
प्रशांत