उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक जदयू विधायक के पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत पर जताया शोक

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक जदयू विधायक के पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत पर जताया शोक

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक जदयू विधायक के पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत पर जताया शोक
Modified Date: March 20, 2026 / 06:55 pm IST
Published Date: March 20, 2026 6:55 pm IST

पटना, 20 मार्च (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नवादा जिले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की एक विधायक के पुत्र की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया।

जदयू विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राज बल्लभ प्रसाद के पुत्र अखिलेश यादव की नवादा जिले में उनके पैतृक गांव पथरा इंग्लिश में एक सड़क दुर्घटना के बाद मौत हो गई।

चौधरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “जदयू विधायक के पुत्र अखिलेश यादव की सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है।”

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

इससे पहले, नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने कहा, “हमें अभी तक कोई आधिकारिक लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों से जानकारी मिली है कि विधायक के पुत्र की मृत्यु पटना में इलाज के दौरान हुई।”

नवादा टाउन के थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि जिले में अखिलेश यादव के घर के पास सड़क दुर्घटना हुई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अखिलेश यादव की तेज रफ्तार एसयूवी कार नवादा जिले के पथरा इंग्लिश गांव में एक पेड़ से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है या नहीं।

धीमान ने कहा, “चूंकि मौत पटना में हुई है और हमें आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, इसलिए पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया की जानकारी केवल पटना के अधिकारी ही पुष्टि कर सकते हैं।”

भाषा कैलाश रवि कांत राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में