रुपया 34 पैसे लुढ़ककर 95.88 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 34 पैसे लुढ़ककर 95.88 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 09:06 PM IST

मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे लुढ़ककर 95.88 पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष और ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।

ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 108 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि तेल आयातकों की ओर से डॉलर की बढ़ती मांग ने भारत के बाहरी संतुलन और मुद्रास्फीति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

इसके अलावा घरेलू बाजारों में कमजोरी, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और वैश्विक बॉण्ड पर प्रतिफल बढ़ने की वजह से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 95.84 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद इसमें गिरावट आई और 95.88 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव से 34 पैसे की गिरावट है।

रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.54 पर बंद हुआ था। ‘गणेश चतुर्थी’ के अवसर पर सोमवार को विदेशी मुद्रा और शेयर बाजार बंद थे।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अनुमान है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा और वैश्विक बॉण्ड पर प्रतिफल बढ़ने की चिंता के बीच रुपये पर दबाव बना रहेगा। आपूर्ति में बाधा की आशंका के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और डॉलर में मजबूती से भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है।’’

चौधरी ने कहा, ‘‘निवेशक बुधवार को होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के फैसले से पहले सतर्क रह सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.75 से 96.15 के दायरे में रह सकता है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत बढ़कर 99.61 पर था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.92 प्रतिशत चढ़कर 107.71 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच यह तेजी आई।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 777.94 अंक गिरकर 74,003.82 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 279.50 अंक टूटकर 23,118.60 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल थे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 2,977.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 44.90 अरब डॉलर बढ़कर 785.70 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 11.47 अरब डॉलर बढ़कर 740.80 अरब डॉलर पर था।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय