मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को राजग शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने के प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का समर्थन किया और कहा कि शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे ने सभी के लिए एक समान कानून की परिकल्पना की थी।
शिंदे ने कहा, ‘‘‘हिंदूहृदयसम्राट’ बालासाहेब ठाकरे की सोच थी- ‘एक देश, एक कानून’, जिसमें सभी के लिए समान न्याय हो। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी यूसीसी को लेकर यही रुख व्यक्त किया है।’’
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में महायुति सरकार समान नागरिक संहिता को लेकर सकारात्मक है और उचित समय पर इस संबंध में निश्चित निर्णय लिया जाएगा।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना केंद्र और महाराष्ट्र, दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक प्रमुख सहयोगी है।
शाह ने रविवार को मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘‘तीन तलाक को समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं। हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की है और मुझे विश्वास है कि 2029 से पहले भाजपा-राजग शासित 21 राज्यों में यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।’’
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा था कि राज्य सरकार यूसीसी पर मसौदा विधेयक तैयार करने वाली समिति की रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद इसे लागू करेगी।
शाह की इस घोषणा के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों में हलचल शुरू हो गई। भाजपा की सहयोगी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने सोमवार को कहा कि पार्टी ने बिहार में यूसीसी लागू करने का विरोध किया है, हालांकि उसने संसद में यूसीसी विधेयक का समर्थन किया था।
भाषा गोला धीरज
धीरज