(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 15 सितंबर (भाषा) केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने ह्यूस्टन स्थित नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर का दौरा किया और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।
मंत्री ह्यूस्टन में जी20 ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब ईरान और यूक्रेन में हो रहे युद्ध के कारण दुनियाभर में कच्चे तेल की आपूर्ति पर काफी दबाव है।
ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि लाल ने केंद्र का दौरा किया और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर सार्थक चर्चा की।
स्पेस सेंटर ह्यूस्टन के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विलियम टी. हैरिस ने उनका स्वागत किया और उन्हें नासा के केंद्र का दौरा भी कराया।
अमेरिकी जी20 अध्यक्षता के तहत जी20 देशों के ऊर्जा मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों को एक साथ लाया गया है, ताकि वैश्विक ऊर्जा संरक्षण, सस्ती ऊर्जा, अवसंरचना के विकास और मजबूत ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा सके।
लाल तीन प्रमुख स्तंभों के तहत होने वाले मंत्रिस्तरीय सत्रों में भाग ले रहे हैं। इनमें ‘ऊर्जा सुरक्षा और भरोसेमंद सस्ती बिजली’, ‘अनुमति प्रक्रिया और नियामकीय दक्षता’ तथा ‘महत्वपूर्ण खनिज और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाएं’ शामिल हैं।
भाषा
यासिर रमण
रमण