निर्वाचन आयोग ने बिहार के मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी राहुल के वीडियो पर ब्यौरा मांगा

Ads

निर्वाचन आयोग ने बिहार के मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी राहुल के वीडियो पर ब्यौरा मांगा

  •  
  • Publish Date - August 18, 2025 / 10:34 PM IST,
    Updated On - August 18, 2025 / 10:34 PM IST

पटना, 18 अगस्त (भाषा) निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बिहार में उन लोगों के समूह का ब्यौरा मांगा है, जिन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दावा किया था कि उनके नाम मतदाता सूची के मसौदे से गलत तरीके से हटा दिए गए हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने औरंगाबाद जिले में लोगों के साथ अपनी बातचीत का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव और भाकपा (माले) लिबरेशन नेता दीपांकर भट्टाचार्य भी मौजूद थे।

रविवार से शुरू हुई 15 दिनों की यात्रा के लिए ये नेता एक साथ यात्रा कर रहे हैं। गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘जिन लोगों ने पिछले 4-5 चुनावों में वोट किया, बिहार में उनका भी वोट चोरी कर लिया गया। और जब कारण पूछा, तो एक ही जवाब मिला- ऊपर से आदेश आया है।’

इस पोस्ट पर बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने संज्ञान लेते हुए जवाब दिया, ‘कृपया जांच और आगे की कार्रवाई के लिए वीडियो में दिखाए गए व्यक्तियों के मतदाता पहचान पत्र संख्या और अन्य विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराएं।’

सीईओ ने कहा, ‘यह भी अनुरोध किया जाता है कि इन मतदाताओं को उनके दावे और आपत्तियां दर्ज करने में मदद की जाए, जिसके लिए अंतिम तिथि एक सितंबर है। दावे और आपत्तियां मतदाताओं द्वारा, निजी रूप में, साथ ही राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के एजेंटों द्वारा भी दर्ज कराई जा सकती हैं।’ उन्होंने एक क्यूआर कोड भी साझा किया जिसे ऑनलाइन आवेदन के लिए स्कैन किया जा सकता है।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत