बिहार में किसानों को कृषि ऐप पर अब मिलेगी उर्वरक की रियल टाइम जानकारी: मंत्री
बिहार में किसानों को कृषि ऐप पर अब मिलेगी उर्वरक की रियल टाइम जानकारी: मंत्री
पटना, दस अप्रैल (भाषा) बिहार के किसानों को अब ‘बिहार कृषि’ मोबाइल ऐप पर उर्वरकों की रियल टाइम उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी। कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने शुक्रवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में इस नई सुविधा की शुरुआत की।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है ।
उन्होंने कहा कि किसानों को उर्वरक उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ‘बिहार कृषि’ मोबाइल ऐप में यह नई सुविधा जोड़ी गई है।
उन्होंने कहा कि किसान इस ऐप के माध्यम से अपने आसपास की उर्वरक दुकानों में उपलब्ध यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रकार के उर्वरकों की वास्तविक जानकारी सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि दुकानों में उर्वरक उपलब्ध रहने के बावजूद किसानों को “स्टॉक नहीं है” कहकर लौटा दिया जाता था, यह स्थिति किसानों के लिए कष्टकारी थी, जिसे समाप्त करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
मंत्री ने कहा कि अब कोई भी दुकानदार किसानों को गुमराह नहीं कर पाएगा और दुकानों में उपलब्ध उर्वरकों का पूरा विवरण सार्वजनिक रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक मूल्य वसूली पर प्रभावी रोक लगेगी तथा उर्वरक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


