‘सरकार बैकफुट पर है’ : सुरक्षा घटाने संबंधी बिहार सरकार के पूर्व आदेश पर लालू ने कहा
‘सरकार बैकफुट पर है’ : सुरक्षा घटाने संबंधी बिहार सरकार के पूर्व आदेश पर लालू ने कहा
पटना, चार जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद ने बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पहले आवंटित 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने संबंधी उसका पूर्व का आदेश और उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कटौती करने का निर्णय प्रशासन की ओर से उठाया गया एक ‘‘बहुत गलत’’ कदम है।
राज्य के गृह विभाग ने प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी की ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी और उसकी जगह बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की सुरक्षा प्रदान की थी। हालांकि, विभाग ने शनिवार को दोनों की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध करा दी।
सुरक्षा बढ़ाने संबंधी सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रसाद ने पत्रकारों से कहा, “सरकार बैकफुट पर है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या बिहार सरकार ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था को कम करके गलती की थी, तो उन्होंने कहा, “बहुत गलत किया है।’’
राज्य गृह विभाग द्वारा शनिवार को जारी एक अधिसूचना के अनुसार लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। यह कदम उनकी सुरक्षा में कटौती किए जाने के लगभग एक महीने बाद उठाया गया है।
उन्हें ‘बुलेटप्रूफ’ वाहन भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे पहले राज्य सरकार की समीक्षा के बाद दंपति की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा को घटा दिया गया था। इस फैसले से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
सूत्रों के अनुसार ‘जेड प्लस’ सुरक्षा सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सबसे उच्च श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था में से एक है। इसमें विशेष रूप से प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की एक समर्पित टीम शामिल होती है, जो आधुनिक हथियारों और अन्य सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित होती है।
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बृहस्पतिवार को उस सरकारी बंगले को खाली कर दिया था, जिसका इस्तेमाल वह दो दशक से अधिक समय से अपने आवास के रूप में कर रही थीं।
वह अब राज्य विधान परिषद में विपक्ष की नेता हैं।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


