अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो देश भर में ‘जंगलराज’ होगा: शाह

Ads

अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो देश भर में ‘जंगलराज’ होगा: शाह

  •  
  • Publish Date - May 6, 2024 / 06:39 PM IST,
    Updated On - May 6, 2024 / 06:39 PM IST

समस्तीपुर, छह मई (भाषा) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल सत्ता में आए तो देश में ‘जंगलराज’ होगा।

शाह ने यह भी दावा किया कि झारखंड में नकदी बरामदगी से साबित होता है कि ‘इंडिया’ गुट के नेता भ्रष्ट हैं।

बिहार के समस्तीपुर जिले में भाजपा नेता एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘झारखंड में एक मंत्री के घर से 30 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामदगी साबित करती है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता भ्रष्ट हैं।’’

शाह ने कहा, ‘‘अगर वे सत्ता में आए तो देश के साथ-साथ बिहार में भी पूरी तरह से ‘जंगलराज’ हो जाएगा।’’

प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को दावा किया कि झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम के सचिव से कथित तौर पर जुड़े एक घरेलू सहायक के परिसरों की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में ‘बेहिसाबी’’ नकदी बरामद की गई है।

शाह ने कहा,‘‘इंडिया गुट से प्रधानमंत्री कौन होगा? क्या शरद पवार बनेंगे प्रधानमंत्री? क्या ममता बनर्जी (प्रधानमंत्री) बनेंगी या एमके स्टालिन या उद्धव ठाकरे? मैं दूसरा नाम लूंगा। कृपया हंसिये मत। क्या राहुल बाबा प्रधानमंत्री बन सकते हैं?’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजद और कांग्रेस के नेता वोट बैंक की राजनीति के कारण अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं हुए।

उन्होंने दावा किया कि राजद नेता लालू प्रसाद और कांग्रेस ने हमेशा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का विरोध किया।

शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने का विरोध किया है।

भाषा अनवर शोभना

शोभना