जद(यू) नेता नीरज कुमार ने लालू परिवार पर गरीबों की जमीन को ‘दान’ की आड़ में ‘हड़पने’ का आरोप लगाया
जद(यू) नेता नीरज कुमार ने लालू परिवार पर गरीबों की जमीन को 'दान' की आड़ में 'हड़पने' का आरोप लगाया
पटना, 16 फरवरी (भाषा) जनता दल (यूनाइटेड) के विधान पार्षद नीरज कुमार ने सोमवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों ने ‘दान’ की आड़ में पिछड़े वर्गों से संबंधित गरीब लोगों की जमीन ‘हड़प ली।’
उनकी यह टिप्पणी ऐसे दिन आई है, जब दिल्ली की एक अदालत ने कथित जमीन के बदले नौकरी घोटाले में प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए हैं।
यह कथित घोटाला उस समय का है, जब राजद सुप्रीमो रेल मंत्री थे। बिहार विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कुमार ने प्रसाद और उनके परिवार पर पिछड़े वर्गों के गरीबों से दान के नाम पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया।
जद(यू) नेता ने आरोप लगाया, ‘‘पटना के महुआ बाग इलाके में लालू प्रसाद के परिवार का निर्माणाधीन निजी मकान उनकी बेटी धन्नू उर्फ अनुष्का राव के नाम पर पंजीकृत जमीन पर बनाया जा रहा है, जिसने यह जमीन महज 5.31 लाख रुपये में खरीदी थी। परिवार के अन्य सदस्यों को कई अन्य भूखंड गरीब लोगों द्वारा दान किए गए थे।’
कुमार ने कटाक्ष करते हुए कहा कि लालू प्रसाद के परिवार के सदस्य ‘बीपीएल (गरीबी रेखा के नीचे)-श्रेणी के लोग’ थे, जिन्हें ‘पिछड़ा वर्ग के गरीबों ने भी ज़मीन दान की थी।’
जद(यू) नेता ने तंज कसते हुए कहा, ‘इन गरीब लोगों ने जमीन दान में दी, ताकि वह और उनके परिवार के सदस्य किसी तरह महुआ बाग में बस सकें।’
कुमार ने आरोप लगाया, ‘‘हृदयानंद चौधरी ने जमीन खरीदी और हेमा यादव को उपहार में दे दी। ललन चौधरी ने जमीन खरीदी और राबड़ी देवी को उपहार में दे दी। नीलम मिश्रा ने लालू जी की बेटी अनुष्का राव को महज 5.31 लाख रुपये में जमीन बेच दी। यह परिवार भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण है।’
इन आरोपों पर टिप्पणी के लिए राजद नेताओं से संपर्क नहीं हो सका।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


