पटना में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल

Ads

पटना में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल

  •  
  • Publish Date - August 19, 2025 / 01:30 PM IST,
    Updated On - August 19, 2025 / 01:30 PM IST

पटना, 19 अगस्त (भाषा) डकैती के एक मामले में गिरफ्तार एक व्यक्ति हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।

अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी दीपक कुमार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।

पटना के विशेष पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के शर्मा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘उसे जानीपुर इलाके में एक जगह ले जाया जा रहा था, जहां उसने 12 अगस्त को डकैती में इस्तेमाल किए गए एक हथियार के साथ-साथ चोरी का कुछ कीमती सामान भी छिपाया था। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो उसने भागने का प्रयास किया… उसने उसी हथियार से सुरक्षाकर्मियों पर भी गोलीबारी की।’’

उन्होंने बताया, ‘‘पुलिसकर्मियों ने नियंत्रित जवाबी गोलीबारी की, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी।’’

शर्मा ने बताया कि घटना में कोई पुलिस अधिकारी घायल नहीं हुआ।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी दीपक कुमार की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और आगे की जांच जारी है।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव