बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर बैठकों और भोज का दौर, आज सम्राट चौधरी के आवास पर बैठक

Ads

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर बैठकों और भोज का दौर, आज सम्राट चौधरी के आवास पर बैठक

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 04:15 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 04:15 PM IST

पटना, 12 मार्च (भाषा) बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तथा विपक्षी दलों का महागठबंधन दोनों ही अपनी जीत सुनिश्चित करने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है।

पांच सीटों के लिए कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

मौजूदा विधायकों की संख्या के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को दो-दो सीट मिलना लगभग तय माना जा रहा है। लेकिन पांचवीं सीट पर समीकरण बेहद पेचीदा बने हुए हैं। यही वजह है कि दोनों खेमे विधायकों का समर्थन जुटाने और अपनी संख्या मजबूत करने में लगे हुए हैं।

वर्तमान गणित के मुताबिक राजग को पांचवीं सीट जीतने के लिए तीन अतिरिक्त विधायकों की जरूरत है, जबकि महागठबंधन को छह विधायकों का समर्थन चाहिए। ऐसे में छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों की भूमिका निर्णायक हो सकती है।

दोनों गुट अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार बैठक कर रहे हैं और भोज दे रहे हैं।

इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजग के विधायकों और नेताओं की बृहस्पतिवार शाम अपने आवास पर बैठक बुलाई है। राजग के एक विधायक ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि बैठक के साथ ही रात्रि भोज का भी आयोजन किया गया है और सभी विधायकों को उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।

उन्होंने बताया कि बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा होगी और विधायकों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी ताकि मतदान के दिन कोई तकनीकी गलती न हो।

सूत्रों के अनुसार, राजग की बैठकें तीन चरणों में आयोजित की जा रही हैं। पहली बैठक सम्राट चौधरी के आवास पर होगी। इसके बाद दूसरी बैठक 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर और तीसरी बैठक 15 मार्च को संसदीय कार्य मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी के आवास पर होगी।

इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दो दिन पहले मंगलवार को महागठबंधन के सभी दलों की बैठक बुलाई थी जिसमें चुनावी रणनीति और विधायकों की एकजुटता पर चर्चा की गई।

इसके बाद यादव ने बुधवार को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की और इस दौरान एआईएमआईएम ने अपने विधायकों का पूरा समर्थन मिलने का उन्हें आश्वासन दिया।

वर्तमान में 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में राजग के पास 202 विधायक हैं जिनमें भाजपा के 89 और जदयू के 85 विधायक शामिल हैं जबकि, लोजपा (रामविलास) के 19, जीतन राम मांझी की पार्टी ‘हम’ के पांच और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के चार विधायक हैं।

वहीं, महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 25, कांग्रेस के छह, सीपीआई (एमएल) के दो, सीपीआई के एक, एआईएमआईएम के पांच, आईआईपी के एक और बसपा का एक विधायक है।

भाषा कैलाश शोभना नरेश

नरेश