पटना, 20 अप्रैल (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) विधायक दल की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नेता चुनने की जिम्मेदारी एक मत से दी गई। कुमार ने सोमवार को बैठक में विधायक दल को संबोधित किया।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जदयू के विधान परिषद सदस्य और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “हमारे सर्वोच्च नेता ने कहा है कि संसद सत्र के दौरान की अवधि (जब दिल्ली में उनकी उपस्थिति आवश्यक होगी) को छोड़कर वह अपना अधिकतम समय बिहार में बिताएंगे।”
उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने हमसे कहा कि उनके सत्ता में रहने के दौरान किए गए अच्छे कार्य नई सरकार में भी जारी रहें, जिसमें जदयू एक महत्वपूर्ण सहयोगी है। इन कार्यों पर नजर रखने के लिए वह समय आने पर राज्य का दौरा करेंगे।”
जदयू प्रवक्ता से उन अटकलों के बारे में भी पूछा गया जिसमें कहा जा रहा है कि बैठक निशांत कुमार की भूमिका तय करने के लिए बुलाई गई थी। निशांत पिछले महीने जदयू में शामिल हुए थे, लेकिन उन्होंने सम्राट चौधरी सरकार में मंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।
इस पर नीरज कुमार ने कहा, ‘‘निशांत की भूमिका को लेकर कोई भ्रम नहीं है। उन्हें पार्टी ने भविष्य के नेता के रूप में स्वीकार किया है। वैसे भी आज की बैठक में उन पर कोई चर्चा नहीं हुई।”
उन्होंने यह भी कहा कि विधायकों ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया है। बैठक में केंद्रीय मंत्री और जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह तथा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद थे।
भाषा कैलाश संतोष
संतोष