बिहार, बंगाल से कुछ जिले अलग करके नया केंद्र शासित प्रदेश बनाने की कोई योजना नहीं: नित्यानंद राय

Ads

बिहार, बंगाल से कुछ जिले अलग करके नया केंद्र शासित प्रदेश बनाने की कोई योजना नहीं: नित्यानंद राय

  •  
  • Publish Date - March 7, 2026 / 04:28 PM IST,
    Updated On - March 7, 2026 / 04:28 PM IST

पटना, सात मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शनिवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया कि बिहार और पश्चिम बंगाल से कुछ जिलों को मिलाकर एक नया केंद्र शासित प्रदेश बनाने की योजना है।

भाजपा की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष राय ने ‘एक्स’ एक पोस्ट जारी कर निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ ​​पप्पू यादव के दावे को खारिज कर दिया।

राय ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को ‘टैग’ करते हुए कहा, ‘‘यह बिल्कुल तथ्यों के विपरीत है कि बिहार और पश्चिम बंगाल से कुछ जिलों को अलग करके केंद्र शासित प्रदेश बनाने की कोई योजना है। पप्पू यादव के ट्वीट को किसी को भी गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।’’

यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा में जाने का निर्णय और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन की नए राज्यपाल के रूप में नियुक्ति, बिहार के सीमांचल क्षेत्र और पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल जिलों मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर को अलग करके एक केंद्र शासित प्रदेश बनाने संबंधी भाजपा की ‘‘रणनीति’’ का हिस्सा है।

यादव ने यह भी दावा किया था कि नरेन्द्र मोदी सरकार बिहार विधानसभा में प्रस्ताव पारित कराकर इस कदम को आगे बढ़ा सकती है, जहां राजग को भारी बहुमत प्राप्त है और नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद भाजपा के नयी सरकार का नेतृत्व करने की संभावना है।

भाषा देवेंद्र पवनेश

पवनेश