जदयू के एक विधायक के ‘अशिष्ट आचरण’ की विपक्ष ने की आलोचना

Ads

जदयू के एक विधायक के 'अशिष्ट आचरण' की विपक्ष ने की आलोचना

  •  
  • Publish Date - March 11, 2025 / 05:06 PM IST,
    Updated On - March 11, 2025 / 05:06 PM IST

पटना, 11 मार्च (भाषा) बिहार में विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मंगलवार को एक कथित वीडियो को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पर निशाना साधा जिसमें सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक अश्लील गाना गाते हुए व एक महिला कलाकार की ओर अभद्र इशारे करते हुए नजर आ रहे हैं।

यह प्रकरण भागलपुर जिले के गोपालपुर से कई बार जदयू विधायक रहे गोपाल मंडल से जुड़ा है। कुछ वर्ष पहले मंडल तब चर्चा में आए थे, जब नयी दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में उनके अंतर्वस्त्रों में इधर-उधर घूमने के कारण सह-यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

अब सोशल मीडिया पर वायरल नवीनतम कथित वीडियो में मंडल होली से पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित एक समारोह में एक नर्तकी के गाल पर नोट चिपकाते नजर आ रहे हैं।

‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रुप से पुष्टि नहीं करती है।

मंडल इस नवीनतम वीडियो में अश्लील बोल वाले गीत गाते हुए भी दिख रहे हैं। एक दशक पहले वह ‘डांस गर्ल्स’ के साथ नृत्य कर चर्चा में आये थे।

(इस नवीनतम) वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद विधायक और पार्टी के प्रदेश महासचिव रणविजय साहू ने कहा,‘‘यह (प्रकरण) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जदयू में संस्कारों की कमी को दर्शाता है। अगर पार्टी को इस तरह के आचरण बर्दाश्त नहीं है, तो उसे मंडल के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।’’

राजद के अन्य विधायक मुकेश यादव ने कहा, ‘‘न केवल जदयू, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की शपथ लेने वाली उसकी गठबंधन सहयोगी भाजपा को भी मंडल के निंदनीय आचरण के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।’’

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश