पटना: शिक्षक भर्ती अधिसूचना में देरी, प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

Ads

पटना: शिक्षक भर्ती अधिसूचना में देरी, प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 03:17 PM IST

पटना, 20 मई (भाषा) बिहार में टीआरई-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा की अधिसूचना में देरी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कई अभ्यर्थियों को बुधवार को पटना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को पटना कॉलेज और बिहटा के पास रोककर हिरासत में लिया गया, जबकि वे अशोक राजपथ से डाकबंगला चौराहा तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे थे।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रदर्शन केवल गर्दनीबाग में ही आयोजित किए जा सकते हैं और सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में बल तैनात किया गया है।

पिछले सप्ताह हुए प्रदर्शन में पुलिस ने लगभग 5,000 अज्ञात अभ्यर्थियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और चार लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि प्रदर्शनकारियों ने यातायात बाधित किया, बैरिकेड तोड़े और पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया।

टीआरई-4 के जरिए 1.20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने का अवसर मिलेगा। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) यह परीक्षा प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए आयोजित करेगा।

भाषा कैलाश मनीषा रंजन

रंजन