बिहार में बाढ़ और सूखे की स्थिति से निपटने की तैयारियां समय से पहले पूरी हों : विजय कुमार चौधरी

Ads

बिहार में बाढ़ और सूखे की स्थिति से निपटने की तैयारियां समय से पहले पूरी हों : विजय कुमार चौधरी

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 08:33 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 08:33 PM IST

पटना, 15 मई (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने संभावित बाढ़ और सूखे की स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।

उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय से पहले और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जल संसाधन विभाग की ओर से जारी एक बयान के अनुसार उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ और अल्प वर्षा, दोनों परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जानबूझकर कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जल संसाधन विभाग के मंत्री चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं को अंतिम समय तक लंबित रखने के बजाय निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पहले पूरा किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका पुनर्मूल्यांकन कर कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी प्रशंसा के पात्र होंगे, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस बैठक में राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति, तटबंधों की मरम्मत एवं रखरखाव, बाढ़ सुरक्षात्मक सामग्री की उपलब्धता तथा संवेदनशील स्थलों की निगरानी पर विस्तृत चर्चा की गई।

कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कार्यों को एक माह में पूरा किया जा सकता है, उनके लिए दो माह का समय निर्धारित कर अनावश्यक विलंब नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद उसकी निगरानी भी आवश्यक है, ताकि उसके वास्तविक प्रभाव का आकलन किया जा सके।

चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर समय रहते इसकी जानकारी दें, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही की स्थिति में कठोर कार्रवाई तय है।

सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए चौधरी ने कहा कि खेतों में सिंचाई का समय आने वाला है, इसलिए सभी नहरों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है और इसके लिए क्षेत्रीय अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का दौरा करना होगा।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि कार्यस्थलों पर जाकर योजनाओं की निगरानी करें।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी किसी नहर के अंतिम छोर तक जाकर निरीक्षण करेंगे और स्थानीय लोगों से यह जानकारी लेंगे कि वहां कौन-कौन अधिकारी पहुंचे हैं।

चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को सरकार के साथ-साथ अपनी कार्यशैली की छवि बेहतर बनाने के लिए पूरी मुस्तैदी और ईमानदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया।

इस बैठक में राज्य के जलाशयों की जल संचयन क्षमता की भी समीक्षा की गई और इस संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

भाषा

कैलाश रवि कांत