पटना, नौ मई (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना के परिसर में शनिवार सुबह क्रिकेट खेलते समय कथित रूप से बिजली के खंभे के संपर्क में आने पर करंट लगने के कारण एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बीटेक पाठ्यक्रम के चतुर्थ वर्ष के छात्र हर्षित राज के रूप में हुई, जो तेलंगाना के चंदन नगर का निवासी था।
आईआईटी पटना के सुरक्षा प्रभारी दीपक कुमार चौरसिया ने पुलिस को बताया कि छात्र सुबह लगभग छह बजे परिसर में क्रिकेट खेलते समय बिजली का झटका लगने के बाद बेहोश हो गया।
डीएसपीओ (दानापुर-2) अमरेन्द्र कुमार झा ने पत्रकारों से कहा, “उसे नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
उन्होंने कहा कि अम्हारा थाने और आईआईटी पटना प्रशासन दोनों ने छात्र के परिवार को सूचित कर दिया है।
भाषा जोहेब माधव
माधव