सोना लूट मामले में तीन गिरफ्तार, 5.79 किलोग्राम सोना और 1.97 लाख रुपये नकद बरामद: पुलिस

Ads

सोना लूट मामले में तीन गिरफ्तार, 5.79 किलोग्राम सोना और 1.97 लाख रुपये नकद बरामद: पुलिस

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 11:23 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 11:23 PM IST

पटना, दस अप्रैल (भाषा) बिहार पुलिस ने लूट के एक मामले में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.79 किलोग्राम सोना और 1.97 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ये गिरफ्तारियां राज्य की राजधानी पटना के खगौल थाना क्षेत्र में विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और पटना पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान की गईं।

बिहार पुलिस के बयान में कहा गया, “बृहस्पतिवार को गिरफ्तार तीन व्यक्तियों से मिली सूचना के आधार पर कुल 5.79 किलोग्राम सोना तथा 1.97 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।”

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष भगत उर्फ अमरनाथ, आदित्य गिरि उर्फ सनी और संजय कुमार उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है तथा तीनों पटना जिले के निवासी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, “ये गिरफ्तारियां चार अप्रैल को दानापुर रेलवे स्टेशन के पास हुई लूट की घटना से जुड़ी हैं। तब अज्ञात अपराधियों ने खुद को सीमाशुल्क अधिकारी बताकर गुजरात के राजकोट से 14.9 किलोग्राम सोना लेकर जा रहे एक फर्म के कर्मचारियों को रोककर लूट लिया था।”

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ितों को डराया-धमकाया और उन्हें एक कार में बैठने के लिए मजबूर किया, जबकि उनके साथी मोटरसाइकिलों से वाहन को नौबतपुर की ओर एस्कॉर्ट करते रहे।

पुलिस के अनुसार कर्मचारियों को बाद में छोड़ दिया गया और आरोपी सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।

शर्मा ने बताया, “घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने नौ कारतूस भी बरामद किए हैं, जिसके संबंध में मेहंदीगंज थाने में अलग मामला दर्ज किया गया है।”

उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसएसपी ने कहा, “हम मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रहे हैं और शेष सोना तथा अन्य सामान की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।”

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार