पुत्र को विधान परिषद का टिकट नहीं मिलने पर राजग से नाराजगी की अटकले उपेंद्र कुशवाहा ने खारिज कीं

पुत्र को विधान परिषद का टिकट नहीं मिलने पर राजग से नाराजगी की अटकले उपेंद्र कुशवाहा ने खारिज कीं

पुत्र को विधान परिषद का टिकट नहीं मिलने पर राजग से नाराजगी की अटकले उपेंद्र कुशवाहा ने खारिज कीं
Modified Date: June 8, 2026 / 09:28 pm IST
Published Date: June 8, 2026 9:28 pm IST

पटना, आठ जून (भाषा) राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने अपने पुत्र और राज्य सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश को बिहार विधानपरिषद का टिकट नहीं मिलने के कारण राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से संबंध तोड़ने की अटकलों को सोमवार को खारिज कर दिया।

दीपक प्रकाश बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं। वह वर्तमान में न तो विधानपरिषद और न ही विधानसभा के सदस्य हैं।

सोमवार को बिहार में सत्तारूढ़ राजग के कुल नौ उम्मीदवारों ने विधानपरिषद चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। उनमें भोजपुरी अभिनेता एवं गायक पवन सिंह तथा मंत्री निशांत कुमार भी शामिल हैं।

बिहार की 75 सदस्यीय विधानपरिषद की नौ सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से आठ सीट पर सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है, जबकि मतदान 18 जून को होगा।

कुशवाहा ने कहा, ‘‘उन्हें (दीपक प्रकाश को) मंत्रिमंडल में शामिल हुए अभी केवल एक महीना हुआ है। इस बार उन्हें टिकट नहीं मिला, लेकिन आगे और अवसर मिल सकते हैं।’’

दीपक प्रकाश को मंत्री पद पर बने रहने के लिए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की तारीख से छह महीने के भीतर विधानपरिषद या विधानसभा का सदस्य निर्वाचित होना आवश्यक है।

राजग से नाराजगी की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर कुशवाहा ने कहा, ‘‘नाराजगी का कोई सवाल ही नहीं है। यह सब बेकार की बातें हैं।’’

उन्होंने राजग के सभी नौ उम्मीदवारों को शुभकामनाएं भी दीं और विश्वास जताया कि सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित होंगे।

कुशवाहा की पार्टी का वर्तमान में लोकसभा में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, जबकि राज्यसभा में स्वयं उपेंद्र कुशवाहा ही पार्टी के एकमात्र सांसद हैं। बिहार विधानसभा में उनकी पार्टी के चार विधायक हैं, जिनमें उनकी पत्नी स्नेहलता भी शामिल हैं।

भाषा कैलाश राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में