बुनियादी सुविधाओं के अभाव में चाकण एमआईडीसी से स्थानांतरित होंगी 20 औद्योगिक इकाइयां

बुनियादी सुविधाओं के अभाव में चाकण एमआईडीसी से स्थानांतरित होंगी 20 औद्योगिक इकाइयां

बुनियादी सुविधाओं के अभाव में चाकण एमआईडीसी से स्थानांतरित होंगी 20 औद्योगिक इकाइयां
Modified Date: August 12, 2026 / 07:43 pm IST
Published Date: August 12, 2026 7:43 pm IST

पुणे, 12 अगस्त (भाषा) पुणे के समीप स्थित चाकण महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र से 20 छोटी औद्योगिक इकाइयों ने बदहाल बुनियादी सुविधाओं और यातायात संबंधी समस्या से परेशान होकर अपने कारोबार को दूसरी जगह ले जाने का फैसला किया है।

इन कंपनियों के मालिकों ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इकाइयों को जिले के खंडाला स्थित एक अन्य एमआईडीसी इलाके में स्थानंतरित किया जाएगा।

जबकि एक दिन पहले ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि चाकण एमआईसीडी के बुनियादी ढांचे को उन्नत किया जाएगा।

एक कंपनी के मालिक ने कहा, ‘‘चाकण एमआईडीसी में यातायात बाधित होने की स्थिति के बीच हमारे कर्मचारियों को समय पर फैक्टरी पहुंचने में मुश्किल हो रहीं हैं। सरकार से समस्या के निस्तारण की बार-बार मांग के बावजूद इसमें कोई सुधार नहीं हुआ।’’

कई बार चार से पांच घंटे तक यातायात बाधित रहता है। इससे उत्पादन प्रभावित होने के साथ कंपनियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

कंपनी मालिक ने कहा, ‘‘हम, करीब 20 संयंत्रों के मालिकों ने निर्णय लिया है कि बेहतर बुनियादी ढांचा और अपेक्षाकृत कम यातायात दबाव को देखते हुए इकाइयों को खंडाला एमआईडीसी में स्थानांतरित करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार भरोसा दिला रही है कि वह चाकण एमआईडीसी में यातायात की समस्या से निपटेगी, लेकिन कोई ठोस सुधार नहीं दिखा है। हमें उम्मीद है कि सरकार हमारी चिंताओं पर ध्यान देगी और इस समस्या का समाधान करेगी।’’

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि चाकण और तालेगांव औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात तथा सड़कों से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए हैं।

समीक्षा बैठक में एमआईडीसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दीपेंद्र सिंह कुशवाह और पुणे के जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े मरम्मत कार्य 31 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में