नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) भारत की 28 प्रमुख सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों ने मजबूत आवासीय मांग के चलते पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 1.95 लाख करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की। बिक्री बुकिंग के मामले में गोदरेज प्रॉपर्टीज शीर्ष पर रही।
निवेशक प्रस्तुतियों से संकलित आंकड़ों के अनुसार, इन 28 प्रमुख सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों की संयुक्त बिक्री बुकिंग वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर लगभग 1.95 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई, जो 2024-25 के 1.66 लाख करोड़ रुपये से 17 प्रतिशत अधिक है।
मुंबई की कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज ने वित्त वर्ष 2025-26 में सबसे अधिक बिक्री बुकिंग दर्ज कर सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों में शीर्ष स्थान बरकरार रखा।
इस सूची में बेंगलुरु की प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड दूसरे स्थान पर रही, जबकि मुंबई की लोढ़ा डेवलपर्स तीसरे स्थान पर रही।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ लिमिटेड चौथे स्थान पर रही, जबकि सिग्नेचर ग्लोबल पांचवें स्थान पर रही।
इन 28 कंपनियों में केवल छह कंपनियों की बिक्री बुकिंग में गिरावट दर्ज की गई।
रियल एस्टेट सलाहकारों के अनुसार, मूल्य वृद्धि और लक्जरी आवासीय परियोजनाओं की पेशकश के कारण मूल्य के लिहाज से आवासीय बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार, गोदरेज प्रॉपर्टीज की बिक्री बुकिंग वित्त वर्ष 2024-26 में बढ़कर 34,171 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 में 29,444 करोड़ रुपये थी।
प्रेस्टीज एस्टेट्स की बिक्री बुकिंग 17,023 करोड़ रुपये से बढ़कर 30,024 करोड़ रुपये पहुंच गई।
लोढ़ा डेवलपर्स ने 20,530 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की, जो 2024-25 में 17,630 करोड़ रुपये थी।
डीएलएफ की 2025-26 में बिक्री बुकिंग 21,223 करोड़ रुपये से घटकर 20,143 करोड़ रुपये रही।
सिग्नेचर ग्लोबल की 2025-26 में बिक्री बुकिंग 10,290 करोड़ रुपये से घटकर 8,250 करोड़ रुपये पर आ गई।
शीर्ष पांच कंपनियों का योगदान कुल बिक्री बुकिंग में लगभग 60 प्रतिशत रहा।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, भारत के प्राथमिक आवास बाजार में सूचीबद्ध रियल एस्टेट डेवलपर्स की हिस्सेदारी बढ़ रही है, क्योंकि खरीदार मजबूत वित्तीय स्थिति वाली कंपनियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
अन्य सूचीबद्ध कंपनियों में आदित्य बिड़ला रियल एस्टेट लिमिटेड की बिक्री 8,136 करोड़ रुपये, सोभा लिमिटेड की 8,135 करोड़ रुपये, ब्रिगेड एंटरप्राइजेज की 7,424 करोड़ रुपये और पुर्वांकरा लिमिटेड की 7,407 करोड़ रुपये रही।
ओबेरॉय रियल्टी ने 2025-26 में 5,447 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की, मैक्स एस्टेट्स ने 5,305 करोड़ रुपये और कल्पतरु लिमिटेड ने 5,280 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की।
भाषा योगेश अजय
अजय