प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से 60 लाख लोग लाभान्वित
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से 60 लाख लोग लाभान्वित
नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत 18 लाख से अधिक महिलाओं सहित पहली बार काम करने वाले लगभग 60 लाख कर्मचारियों को लाभान्वित किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पीएम-वीबीआरवाई केंद्र सरकार की रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन (ईएलआई) योजना है, जो एक अगस्त, 2025 से लागू की गई थी। इस योजना का लाभ 31 जुलाई, 2027 तक दिया जाएगा।
योजना को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के माध्यम से लागू किया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि 99,446 करोड़ रुपये के बजट के साथ यह योजना देश में दो वर्षों की अवधि में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इसका लक्ष्य रोजगार आधारित विकास के माध्यम से आर्थिक वृद्धि को तेज करना है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईपीएफओ के आंकड़ों के मुताबिक अब तक पहली बार नौकरी पाने वाले 60 लाख कर्मचारी इस योजना से जुड़े हैं। इनमें से लगभग 71 प्रतिशत (करीब 43.26 लाख) कर्मचारी 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के हैं।
महिला भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है, जिसमें 18.04 लाख महिलाएं पहली बार औपचारिक रोजगार में शामिल हुई हैं, जो कुल लाभार्थियों का लगभग 30 प्रतिशत है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


