नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने मंगलवार को बिजली कंपनी अदाणी पावर लिमिटेड के हाथों जीवीके एनर्जी लिमिटेड का अधिग्रहण करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
सीसीआई ने कहा कि इस प्रस्तावित सौदे के तहत अदाणी पावर, दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी), 2016 के तहत जारी प्रक्रिया के अनुरूप जीवीके एनर्जी की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी और नियंत्रण हासिल करेगी।
जीवीके एनर्जी अपनी अनुषंगी कंपनी के माध्यम से उत्तराखंड के श्रीनगर में 330 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना का संचालन करती है।
अदाणी पावर के बिजली उत्पादक संयंत्र गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और तमिलनाडु में स्थित हैं। इसके अलावा कंपनी गुजरात में 40 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र भी संचालित करती है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय