एयर इंडिया ने ‘हब एंड स्कोप’ मॉडल के तहत उड़ानों की बुकिंग शुरू की, वाराणसी से शुरू होगी सेवाएं

Ads

एयर इंडिया ने ‘हब एंड स्कोप’ मॉडल के तहत उड़ानों की बुकिंग शुरू की, वाराणसी से शुरू होगी सेवाएं

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 10:10 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) एयर इंडिया ने मंगलवार को केंद्र सरकार के ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल के तहत अपनी उड़ानों के लिए बुकिंग शुरू की। इस मॉडल के तहत पहली उड़ान सेवा 25 जून को वाराणसी से शुरू होगी।

‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल के तहत, वाराणसी जैसे मझोले यानी ‘स्पोक’ शहरों को दिल्ली जैसे बड़े यानी ‘हब’ हवाई अड्डे से जोड़ा जाता है, जहां से यात्री एयर इंडिया के बड़े वैश्विक नेटवर्क का आसानी से लाभ उठा सकते हैं।

एयर इंडिया ने बयान में कहा कि ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ानों के तौर पर शुरू की गई ये सेवाएं यात्रियों को बड़े केंद्र से दूर छोटे शहरों से भी अपना सामान जमा करने और शुरुआती एयरपोर्ट पर ही आव्रजन की प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा देती हैं, ताकि वे दुनिया भर में आसानी से यात्रा कर सकें।

एयर इंडिया ने कहा कि इस व्यवस्था से मझोले शहरों के यात्री एक ही ‘हब’ के जरिये कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इसमें आसान पारगमन का अनुभव मिलेगा।

एयरलाइन ने कहा कि वह आने वाले महीनों में कई शहरों में ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ानों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगी, ताकि भारत के मझोले और छोटे शहरों से बड़े पैमाने पर आसान अंतरराष्ट्रीय संपर्क सुविधा मिल सके।

इस सुविधा के तहत यात्री अपनी अंतिम मंजिल तक के लिए ‘थ्रू चेक-इन’ कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, वाराणसी जैसे शहर के यात्री अपने शहर के हवाई अड्डे पर ही अपनी अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक के लिए चेक-इन कर सकते हैं। उन्हें दिल्ली जैसे हवाई अड्डे पर अपना सामान लेने या दोबारा चेक-इन करने की जरूरत नहीं होगी।

साथ ही, यात्री अपने शुरुआती एयरपोर्ट पर ही अंतरराष्ट्रीय आव्रजन की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे, जिससे उन्हें ‘हब’ यानी बढ़े शहर के हवाई अड्डे पर लंबी लाइन और प्रसंस्करण से नहीं गुजरना पड़ेगा।

भाषा रमण अजय

अजय